बिहार में बजा चुनावी बिगुल… 6 और 11 नवंबर को मतदान, 14 नवंबर को आएंगे रिजल्ट

बिहार ।बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान चुनाव आयोग ने कर दिया है। बिहार में दो चरणों में चुनाव होंगे पहले चरण का चुनाव 6 नवंबर जबकि दूसरे चरण का चुनाव 11 नवंबर को होगा। वहीं 14 नवंबर को नतीजे आएंगे। पहले चरण में 121 सीटों पर जबकि दूसरे चरण में 122 सीटों पर मतदान होगा। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि नामांकन के 10 दिन पहले तक छूटे गए नाम जोड़े जा सकेंगे। बिहार में 14 लाख नए मतदाता जुड़े हैं। पिछले कुछ दिनों में चुनाव आयोग ने तमाम पार्टियों के साथ, अधिकारियों के साथ, पुलिस बल के साथ बैठकें की हैं।

बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए 20 अक्टूबर नामांकन की आखिरी तारीख है। 13 अक्टूबर से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। 21 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी जबकि 23 अक्टूबर तक उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। 11 नवंबर को वोटिंग होगी और 14 नवंबर को नतीजे आएंगे।

बिहार में SIR पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा “एसआईआर के बाद अंतिम मतदाता सूची सभी राजनीतिक दलों को दे दी गई है। नामांकन दाखिल करने की तिथि के बाद जारी होने वाली मतदाता सूची अंतिम होगी।”

महागठबंधन और एनडीए दोनों में अभी तक सीट बंटवारा नहीं हो पाया है। इंडिया गठबंधन में बीजेपी, जेडीयू के अलावा चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी की हिंदुस्तान आवाम मोर्चा, उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल है। वहीं महागठबंधन में आरजेडी और कांग्रेस के अलावा मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी, वामपंथी दल और पशुपति पारस के लोक जनशक्ति पार्टी शामिल है।

2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन को जीत हासिल हुई थी। एनडीए गठबंधन ने 243 सदस्यीय विधानसभा में 125 सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि महागठबंधन ने 110 सीटों पर जीत हासिल की थी। 2020 के विधानसभा चुनाव में आरजेडी को 75 सीटों पर जीत हासिल हुई थी जबकि भाजपा को 74 सीटें मिली थी। वहीं नीतीश कुमार की जेडीयू को 43, कांग्रेस को 19 सीपीआईएमएल को 12 और असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM ने 5 सीटों पर जीत हासिल की थी। कम सीटें मिलने के बावजूद एनडीए ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाया था।2022 में नीतीश कुमार ने NDA छोड़ दिया था और आरजेडी के साथ चले गए थे। हालांकि मुख्यमंत्री वही बने थे। इसके बाद 2024 में लोकसभा चुनाव से ठीक पहले नीतीश कुमार एक बार फिर से एनडीए में शामिल हो गए। अभी नीतीश कुमार एनडीए में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!